नई दिल्ली। हरियाणा की उभरती युवा बल्लेबाज दीया यादव अब महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आएंगी। हाल ही में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने दीया को 10 लाख रुपये में खरीदा। इस नीलामी के साथ ही वह टूर्नामेंट में अनुबंध पाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं।
दीया एक अनकैप्ड खिलाड़ी हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजी दोनों को प्रभावित किया है। नॉर्थ जोन और हरियाणा की ओर से खेलते हुए वह एक आक्रामक सलामी बल्लेबाज के रूप में जानी जाती हैं।
2023 में दिखाई प्रतिभा, तीन शतक और एक दोहरा शतक
दीया ने पहली बार 2023 की अंडर-15 विमेंस वनडे ट्रॉफी के दौरान अपनी दमदार बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने उस टूर्नामेंट में कुल 578 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 96.33 रहा। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और एक दोहरा शतक निकला।
U–23 और सीनियर टीम में भी किया शानदार प्रदर्शन
पिछले वर्ष दीया ने हरियाणा की अंडर-23 और सीनियर महिला टीम दोनों के लिए खेला। 2025–26 के घरेलू सत्र में उन्हें हरियाणा टीम ने नंबर 3 पर मौका दिया, जिसे उन्होंने बेहतरीन तरीके से भुनाया।
सीनियर विमेंस टी-20 ट्रॉफी में उन्होंने आठ पारियों में 59.60 की औसत और 127.89 के स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने नॉर्थ जोन को मजबूत शुरुआत दिलाई और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
वैभव सूर्यवंशी की तरह कर सकती हैं बड़ा प्रभाव
दीया के प्रदर्शन और कम उम्र में मिली सफलता ने उनकी तुलना 14 साल की उम्र में IPL में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी से की जा रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि दीया भी इतनी कम उम्र में WPL में शानदार प्रभाव छोड़ सकती हैं।
घरेलू आंकड़ों पर एक नजर
- लिस्ट-A मैच: 11
रन: 143, स्ट्राइक रेट: 75.26 - टी20 मैच: 19
कुल रन: 590, सर्वाधिक स्कोर: 67
