नई दिल्ली | भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच गहराते रणनीतिक रिश्तों की एक खास झलक सोमवार को दिल्ली में देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूटनीतिक प्रोटोकॉल से परे जाकर नई दिल्ली हवाई अड्डे पर यूएई के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का गर्मजोशी से स्वागत किया।
‘मेरे भाई का स्वागत है’ – PM मोदी का भावुक संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एयरपोर्ट पहुँचकर राष्ट्रपति नाहयान की अगवानी की। इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक बेहद आत्मीय संदेश लिखा:
“मैं अपने भाई, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का हवाई अड्डे पर स्वागत करने गया। उनकी यह यात्रा भारत-यूएई की मजबूत मित्रता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है। मैं उनके साथ महत्वपूर्ण चर्चाओं के लिए उत्सुक हूँ।”
क्यों खास है यह दौरा?
यूएई के राष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में चल रहे सहयोग को एक नए स्तर पर ले जाने की उम्मीद है। पीएम मोदी द्वारा व्यक्तिगत रूप से एयरपोर्ट जाना दोनों नेताओं के बीच के व्यक्तिगत संबंधों और भारत के लिए यूएई की अहमियत को दर्शाता है।
आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जो ‘विकसित भारत’ और मध्य-पूर्व के बीच आर्थिक सेतु को और मजबूत करेंगे।
