लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर आमजन से की गई अपील के बाद उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में एक उच्च स्तरीय बैठक कर प्रदेश में ईंधन और बिजली की खपत कम करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्वयं पहल करते हुए अपनी और मंत्रियों की फ्लीट (काफिले) में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी करने के निर्देश दिए हैं।
सरकारी कामकाज में ‘वर्क फ्रॉम होम’ को बढ़ावा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) संस्कृति को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी हैं, वहां सप्ताह में दो दिन WFH लागू करने के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए। इसके साथ ही राज्य सचिवालय और निदेशालयों की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी अब वर्चुअली (ऑनलाइन) आयोजित की जाएंगी।
ऊर्जा संरक्षण: ‘पीएम सूर्य घर योजना’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली बचाने की भावुक अपील करते हुए कहा कि सरकारी भवनों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में अनावश्यक बिजली का प्रयोग न किया जाए। उन्होंने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ को घर-घर तक पहुँचाने और लोगों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और सादगी का संदेश
ईंधन बचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के लिए भी मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) का उपयोग करें। आम जनता के बीच भी साइक्लिंग, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के प्रयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई है।
स्वदेशी उत्पादों और डेस्टिनेशन वेडिंग को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने यूपी के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेरिटेज साइट्स, किलों और ईको साइट्स पर ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने अपील की कि शादियों और त्योहारों में केवल भारत में बने उपहारों, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों का ही उपयोग करें। साथ ही, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था के दृष्टिगत खाद्य सामग्रियों में तेल का प्रयोग कम करने की सलाह दी।
सोने की खरीद कम करने का आग्रह
आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अनावश्यक सोने (Gold) की खरीद न करने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय ज्वेलर्स एसोसिएशन और व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और चिंताओं का समाधान करें।
