नई दिल्ली। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम से ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली का आयोजन किया गया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सांसदों और अन्य जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब केवल एक कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह जन आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि अभियान में लोगों की भागीदारी राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की भावना और देश के प्रति समर्पण को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ ने भारतीयों में मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना को मजबूत किया तथा देश के प्रति कर्तव्य को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ा। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर देश की स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बाइक रैली में सांसदों सहित कई जन प्रतिनिधियों ने तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सरकार की ओर से देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
