पुरवा, उन्नाव। तहसील प्रशासन ने अवैध कब्जेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रमेश श्रीवास्तव के निर्देश पर राजस्व टीम ने असेहरू गांव में जेसीबी की मदद से चकरोड को अतिक्रमण मुक्त कराया।
क्या है पूरा मामला? असेहरू गांव के निवासियों ने कुछ समय पहले एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र सौंपकर शिकायत की थी कि गांव के कुछ दबंगों ने सार्वजनिक चकरोड मार्ग पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
प्रशासनिक कार्रवाई: जनहित में की गई इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक और क्षेत्रीय लेखपाल को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। शुक्रवार को जैसे ही प्रशासन की जेसीबी गांव पहुंची, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने चकमार्ग संख्या 393/0.025 हेक्टेयर पर किए गए अवैध निर्माण और कब्जे को ढहा दिया और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित कराया।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और उपजिलाधिकारी के इस कदम की सराहना की है।
