संवाददाता /राजेश राजपूत
उन्नाव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिव्यांग जन फाउंडेशन के तत्वावधान में जनपद मुख्यालय उन्नाव में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर सैकड़ों की संख्या में दिव्यांगजन जब सड़क पर निकले तो पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी रजनीश किरण ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने स्वयं यात्रा की अगुवाई करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विभाग की ओर से पीसी राजपूत और पप्पू बाबू की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके सहयोग से यात्रा को अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
यात्रा के सफल आयोजन और संयोजन में दिव्यांग जन फाउंडेशन के सचिन कुमार द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यात्रा के दौरान श्रीकांत तिवारी और सुधीर कुमार द्विवेदी द्वारा लगाए गए ‘भारत माता की जय’ के नारों ने लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। रास्ते में शहरवासियों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर फाउंडेशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने यात्रा में शामिल सभी दिव्यांगजनों, अधिकारियों, सहयोगियों, समाजसेवियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कमलेंद्र प्रताप सिंह, सुधीर द्विवेदी, लक्ष्मी, रामू काश्यप, रामू औरास, संदीप सुमेरपुर, शत्रोहन, अनिल तिवारी, अजय मास्टर, दिनेश (सिकंदरपुर कर्ण), असगर अली (हिलौली) और बबलू मिश्रा समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
