उन्नाव। उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देने वाले बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का सोमवार को भव्य लोकार्पण किया गया। जनपद उन्नाव की तहसील क्षेत्र स्थित पड़री खुर्द ग्राम पंचायत के झाऊ खेड़ा में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संयुक्त रूप से करीब ₹4850 करोड़ की लागत से निर्मित इस महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले सभी अतिथि हेलीकॉप्टर से हेलीपैड पहुंचे, जहां जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में सांसद, विधायक, एमएलसी, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विकास से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में प्रदेश और देश में विकसित किए जा रहे आधुनिक सड़क नेटवर्क तथा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के उपरांत सभी अतिथि राष्ट्रीय राजमार्ग-49.3 स्थित लोकार्पण स्थल पहुंचे, जहां फीता काटकर लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस ऐतिहासिक परियोजना का स्वागत किया।
यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की दो प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक नगरी—लखनऊ और कानपुर—के बीच यात्रा को अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बनाएगा। इसके संचालन से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे उद्योग, व्यापार, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही उन्नाव जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी बल मिलेगा।
समारोह में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष संतोष सिंह, एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण उत्तर प्रदेश की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
