संवाददाता: सूर्यपाल (प्रोटेक)
लखनऊ। कानपुर-लखनऊ हाईवे, बंथरा के निकट स्थित एमजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (MGIMT) इंजीनियरिंग कॉलेज एवं शेखर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ हुआ। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर MGIMT के चेयरमैन सी. एल. शेखर ने विद्यार्थियों और संस्थान परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों को समझने और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का दिन है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यकारी निदेशक निहित शेखर ने कहा कि स्वतंत्रता अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी है। आज देश की प्रगति के लिए शिक्षा, तकनीकी नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को सीखने और अपने ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करने की अपील की।
कॉलेज के निदेशक डॉ. जे. पी. श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण की सबसे प्रभावशाली शक्ति है। विद्यार्थियों को केवल सफल इंजीनियर बनने का लक्ष्य नहीं रखना चाहिए, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील इंसान के रूप में भी अपना विकास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के उद्घोष से पूरा परिसर गूंज उठा। संस्थान परिवार ने देश की शांति, एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना करते हुए शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
