सिद्धौर, बाराबंकी। नगर पंचायत सिद्धौर स्थित पौराणिक श्री सिद्धेश्वर मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इंद्रदेव की कृपा से हो रही तेज बारिश के बीच भी भक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।
भोर पहर करीब 3 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने भगवान सिद्धेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। असंद्रा थाना अध्यक्ष अनिल सिंह और चौकी इंचार्ज गौरव सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
वहीं राजस्व निरीक्षक बांकेलाल, लेखपाल अभिषेक वर्मा, कुलदीप वर्मा सहित मंदिर कमेटी के सत्यनाम सिंह वर्मा, डॉ. राजेंद्र वर्मा, तेज बक्श सिंह और अखिलेश यादव लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन व मंदिर कमेटी के लोग सक्रिय नजर आए।
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के एक साथ पड़ने से मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बन रही थी।
