नई दिल्ली। बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप में भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला डबल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त रिन इवानागा और की नाकानिशी को सीधे गेमों में 21-16, 21-12 से शिकस्त दी।
मुकाबले के बाद मीडिया से बातचीत में ट्रीसा और गायत्री ने बताया कि शुरुआती कुछ अंकों में ही उन्हें जापानी जोड़ी के खेल की रणनीति का अंदाजा हो गया था। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पहले गेम के दूसरे हिस्से में आक्रामक रुख अपनाया और इसी रणनीति को दूसरे गेम में भी जारी रखा। लगातार दबाव बनाए रखने का उन्हें फायदा मिला और उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विश्व चैंपियनशिप में आज भारत के कई शीर्ष खिलाड़ी भी अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। नौवीं वरीयता प्राप्त पी.वी. सिंधु के सामने चीन की तीसरी वरीयता वाली वांग झी यी की चुनौती होगी।
पुरुष एकल में युवा भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी का मुकाबला इंडोनेशिया के 11वीं वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान से होगा।
पुरुष डबल्स में पांचवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी मलेशिया के जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप से भिड़ेगी। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी चीन के गुओ शिन वा और चेन फांग हुई के खिलाफ कोर्ट पर उतरेगी।
भारतीय खिलाड़ियों से विश्व चैंपियनशिप में आगे भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
