कानपुर। कांग्रेस सेवा दल, कानपुर नगर ग्रामीण द्वारा बुधवार को संगठन के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. नारायण सुब्बाराव हार्डिकर की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम महाराजपुर, छावनी विधानसभा क्षेत्र स्थित कांग्रेस सेवा दल कार्यालय में सुबह 10 बजे आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. हार्डिकर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्मी नारायण दीक्षित रहे।
उन्होंने कहा कि डॉ. हार्डिकर ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा, अनुशासन और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा स्थापित कांग्रेस सेवा दल आज भी सेवा, त्याग और समर्पण की भावना का प्रतीक है।
कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष एवं हमीरपुर प्रभारी सेवक सुशील सोनी ने कहा कि डॉ. हार्डिकर ने युवाओं को संगठित कर कांग्रेस सेवा दल की नींव रखी थी। उनका मूल मंत्र ‘ड्यूटी, डिवोशन और डिसिप्लिन’ था। उन्होंने कहा कि डॉ. हार्डिकर के बताए मार्ग पर चलकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और गरीब व असहाय लोगों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर मानव सेवा के संकल्प के साथ फल वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष मोहम्मद तारीख, जिला सचिव डॉ. आरके सिंह, उपाध्यक्ष नीलम गुप्ता, महासचिव मनोज विमल, रवि कुमार, आयुष दीक्षित, सोनू कुमार, रमेश निषाद, विनय जायसवाल सहित नगर ग्रामीण के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
