उन्नाव। 166 भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी नेता अंकित सिंह परिहार ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शिक्षा का दायित्व उठाकर संवेदनशील पहल की है। बीघापुर नगर पंचायत निवासी स्वर्गीय राजेश गौतम की सर्पदंश से असामयिक मृत्यु के बाद वह शोकाकुल परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिवार से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि स्वर्गीय राजेश गौतम की पुत्री इंटरमीडिएट की छात्रा है और आगे बी.एड. कर शिक्षिका बनने का सपना देख रही है। आर्थिक संकट के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए अंकित सिंह परिहार ने बेटी की उच्च शिक्षा का पूरा खर्च स्वयं वहन करने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही उन्होंने परिवार के छोटे बच्चों की तत्काल स्कूली फीस भी उपलब्ध कराई, ताकि उनकी शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
इस अवसर पर अंकित सिंह परिहार ने कहा कि “किसी के आँसू पोंछना संवेदना है, लेकिन किसी के सपनों को सहारा देना ही सच्ची सेवा है। शिक्षा ही वह माध्यम है जो किसी भी परिवार का भविष्य बदल सकती है।”
उनकी इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। परिवार के सदस्यों ने भी इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
