युवा राष्ट्र की ताकत, अपने हुनर को निखारकर बनें आत्मनिर्भर: पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह
(उन्नाव)। विधानसभा क्षेत्र भगवन्तनगर के धानी खेड़ा कस्बा स्थित सतगुरु महाविद्यालय में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष ड्रेस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनप्रिय समाजसेवी और राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रशिक्षणार्थियों को निशुल्क ड्रेस वितरित की।
आत्मनिर्भरता से ही मजबूत होगा देश
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से युवाओं के अंदर छिपी हुई क्षमताएं सामने आती हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, “आज के समय में हमें केवल रोजगार ढूंढने वाला नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनना है। जब देश का युवा स्वयं आत्मनिर्भर बनेगा, तभी हमारा समाज और राष्ट्र मजबूत होगा और आगे बढ़ेगा। हमें अपने हुनर के दम पर खुद को इतना सक्षम बनाना है कि भविष्य की हर चुनौती का सामना कर सकें।”
छात्रों से किया सीधा संवाद, मदद का दिया भरोसा
संबोधन के बाद पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया और उनके करियर को लेकर चर्चा की। युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि देश की असली ताकत युवा शक्ति ही है और इसी शक्ति से देश में समृद्धि आएगी। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि भविष्य को संवारने के रास्ते में यदि किसी भी प्रकार के संसाधन या अन्य समस्या आड़े आती है, तो हम सब एकजुट होकर उसका निराकरण करवाएंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे खूब तरक्की करें और विश्व स्तर पर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस गरिमामयी कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य रूप से मांडवी मिश्रा, अलख मिश्रा, अंकज सिंह मंडफहा, राधे सिंह, उदयवीर सिंह, प्रखर सिंह, सुनील सिंह अकवारा, शेषपाल सिंह उत्तम, आशू सिंह जपसरा, अमन सिंह पनई, अंकित सिंह, विक्रम यादव, अनूप यादव, रिंकू गौतम और लोटन पासवान सहित भारी संख्या में कॉलेज का स्टाफ और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
