बीघापुर, उन्नाव। फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ मंगलवार को बीघापुर में हुआ। प्रशिक्षण में शिक्षकों को बुनियादी स्तर पर विद्यार्थियों की भाषाई एवं गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के साथ कक्षा शिक्षण में नवाचारों के प्रभावी प्रयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अनीता शाह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बुनियादी स्तर पर भाषा और गणित में दक्षता हासिल कराने के उद्देश्य से एफएलएन प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बताए गए नवाचारों और शिक्षण विधाओं का प्रयोग यदि शिक्षक कक्षा में प्रभावी ढंग से करेंगे तो निश्चित रूप से बच्चे निपुण लक्ष्य हासिल करने में सफल होंगे। उन्होंने पुस्तकों के साथ अतिरिक्त पाठ्य सामग्री और गतिविधियों के प्रयोग को भी विद्यार्थियों के सीखने के लिए उपयोगी बताया।
प्रशिक्षण के दौरान एनसीईआरटी द्वारा निर्मित नवीन पाठ्य पुस्तक ‘वीणा’ को लेकर एआरपी दुर्गेश कुमार शुक्ल ने शिक्षकों की समझ विकसित करते हुए उन्हें नई शिक्षण विधाओं से परिचित कराया। वहीं ‘गणित मेला’ पुस्तक पर चर्चा करते हुए केआरपी प्रभाकर दीक्षित ने पाठ्यक्रम में हुए नए परिवर्तनों की विस्तृत जानकारी दी।
केआरपी संदीप शुक्ला एवं गरिमा गुप्ता ने शिक्षकों को निपुण लक्ष्य के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निर्धारित दक्षताओं की प्राप्ति कराने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा की। प्रशिक्षण में करीब एक सैकड़ा शिक्षक उपस्थित रहे।
